हरिद्वार की हर की पैड़ी पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। झांसी निवासी एक महिला की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को झांसी जनपद के बबीना थाना क्षेत्र निवासी क्रांति गुप्ता ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी बहनों के साथ पिछले 14 दिनों से हर की पैड़ी पर सुबह पूजा करने आ रही थीं। इस दौरान एक व्यक्ति रोज उन्हें परेशान करता था और अभद्र टिप्पणियां करता था।
महिला का आरोप है कि रविवार को उक्त व्यक्ति, जिसकी पहचान रवि चौहान के रूप में हुई है, ने उनके साथ अपशब्द कहे। विरोध करने और पुलिस चौकी चलने के लिए कहने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 के तहत धारा 115(2), 352, 74 और 79 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस एवं हर की पैड़ी चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे आरोपी रवि चौहान को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














Leave a comment