पिथौरागढ़ “सत्यम एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी” के तत्वावधान में एवं 55 बीएन एसएसबी पिथौरागढ़ के सहयोग से राजकीय इंटर कॉलेज बगड़ीहाट में दस दिवसीय बेसिक कंप्यूटर नॉलेज प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। 
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि 55 बीएन एसएसबी के कमांडेंट आशीष कुमार, सत्यम एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष दीपा पांडे सचिव आनंद पाण्डेय तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीषा पंत द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि—
“वर्तमान युग में कंप्यूटर शिक्षा जीवन का अभिन्न अंग बन चुकी है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण एवं पहाड़ी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।”
सत्यम एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्राप्त हो सके।
यह दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को कंप्यूटर की मूलभूत थ्योरी के साथ-साथ प्रायोगिक ज्ञान भी प्रदान करेगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।














Leave a comment