उत्तराखंड राज्य के
रामनगर तेलीपुरा रोड स्थित ट्रक यूनियन के पास बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई,
जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा।
आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UK 04 CB 1531 में अज्ञात कारणों के चलते आग लगी। घटना शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले ट्रक से धुआं उठता दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
जिस स्थान पर ट्रक खड़ा था, वहां उसके आसपास कई अन्य ट्रक भी खड़े थे, जिससे बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई।
घटना के दौरान आग की चपेट में उसी मालिक का एक अन्य ट्रक भी आ गया, जिसमें आगे की तरफ हल्की आग लग गई। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से उसे तुरंत बुझा लिया गया। वहीं आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी तेजी से वहां से हटाया गया। जिन ट्रकों के चालक और मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे, उन्हें स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड की मदद से क्रेन मशीन के जरिए सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। समय रहते वाहनों को हटाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।
ट्रक मालिक जाहिद हुसैन ने बताया कि उनका एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया, जबकि दूसरे ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि ट्रक का फर्स्ट इंश्योरेंस है और उन्होंने विभाग व इंश्योरेंस कंपनी से नुकसान की भरपाई की मांग की है।














Leave a comment