ऑपरेशन प्रहार में सितारगंज पुलिस का बड़ा वार, छह नशा तस्कर दबोचे,,150 ग्राम अफीम, 162 ग्राम चरस और 9.32 ग्राम स्मैक बरामद, कार व दो बाइक भी जब्त
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सितारगंज पुलिस नें छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 150 ग्राम अफीम, 162 ग्राम चरस और 9.32 ग्राम स्मैक बरामद की है। तस्करी में प्रयुक्त एक कार, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में गुरुवार को सितारगंज कोतवाली और सिडकुल चौकी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में कस्बा प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश सिंह देव ने पुलिस टीम के साथ बीजठी रोड स्थित थारू बघोरी पुलिया के पास जसनदीप सिंह उर्फ जस्सी को 150 ग्राम अफीम तथा विपिन कुमार को 4.26 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई में सिडकुल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जगत सिंह साही ने पुलिस टीम के साथ सिडकुल रोड पर चेकिंग के दौरान एक कार से निखिल आर्य, लोकेश कुमार और सूरज आर्य को 162 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। वहीं चन्द्रशेखर को 4.26 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा गया। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई जावेद मलिक, उपनिरीक्षक कैलाश सिंह देव, उपनिरीक्षक जगत सिंह साही, एएसआई सुरेंद्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रेम सिंह, कपिल कुमार, कमल गहतोड़ी, सुरेश सिंह तथा अर्जुन नगन्याल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।













Leave a comment