पिथौरागढ़। पूर्व सैनिक संगठन (सोर घाटी पूर्व सैनिक कल्याण समिति) द्वारा आयोजित छठा स्थापना दिवस समारोह जनपद के एक निजी होटल में अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विशिष्ट नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
स्थापना दिवस के अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर (मेडिकल कैंप) का आयोजन किया गया, जिसका बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने लाभ उठाया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों, बैंकों, बीमा कंपनियों, कृषि विभाग तथा ऑटोमोबाइल कंपनियों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए। वहीं कुमाऊँ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक कला को प्रदर्शित करती ऐपण की आकर्षक कलाकृतियाँ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
कार्यक्रम में दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए पूर्व सैनिकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर संगठन द्वारा प्रकाशित लघु पत्रिका *”सैनिक संदेश”* का विमोचन माननीय उपजिलाधिकारी महोदय के करकमलों द्वारा किया गया।
समारोह के दौरान संगठन द्वारा विगत एक वर्ष में उत्कृष्ट एवं समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को *”संगठन प्रशंसा पत्र”* प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही वीर नारियों का विशेष सम्मान किया गया तथा विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य व्यक्तियों को संगठन का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही जनपद के अभी सेना के कमीशन प्राप्त कर अधिकारि बने नव सैन्य अधिकारियों को भी कार्यक्रम में सम्मानित करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
सम्मानित होने वालों में पारंपरिक उत्थान समिति राम के अध्यक्ष राम सिंह, रामलीला कमेटी टकाना के अध्यक्ष पूर्व सैनिक चंद्रशेखर महर, सीनियर सिटीजन सोसायटी के अध्यक्ष दयानंद भट्ट, भाव राग ताल अकादमी के कैलाश कुमार, नाद भेद अकादमी के रवि शास्त्री, नेहा पांडे जी, हिमाल मस्तक के बसंत भट्ट जी,ग्राम प्रधान गुरना सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल रहे।
अपने संबोधन में संगठन के अध्यक्ष मयूख भट्ट द्वारा कहा गया कि संगठन ने अपने गौरवमय पाँच वर्षों के दौरान पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं समाजहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को धरातल पर उतारकर एक नई पहचान बनाई है। छठा स्थापना दिवस भविष्य की नई योजनाओं, संगठनात्मक मजबूती तथा समाज सेवा के प्रण के भाव के साथ आयोजित करना हमारा लक्ष्य तथा भविष्य के प्रति हमारा कर्तव्य है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने आयोजन की भव्यता, अनुशासन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे जनपद के पूर्व सैनिक इतिहास का एक ऐतिहासिक आयोजन बताया।
समारोह का समापन “भारत माता की जय” एवं “जय हिन्द” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।
इस अवसर पर धारचूला क्षेत्र के पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन भूपाल सिंह, क्षेत्र संयोजक देवलथल शंकर सिंह,किशन सिंह, श्याम विश्वकर्मा,नवीन गुरुरानी, देवी दत्त सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों पूर्व सैनिक, वीर नारियाँ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सूबेदार मेजर रमेश सिंह महर एवं श नानू बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।














Leave a comment