उत्तराखंड
रामनगर में शुक्रवार सुबह रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर गैबुआ के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार गैबुआ निवासी 30 वर्षीय कमलेश आर्य शुक्रवार सुबह अपनी बाइक से बैलपड़ाव की ओर से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में लिफ्ट मांगने पर उन्होंने कमोला निवासी बसंती थापा को अपनी बाइक पर बैठा लिया, जो छोई स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रही थीं। इसी दौरान गैबुआ के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर लाया गया।
अस्पताल में चिकित्सक डॉ. हर्ष ने कमलेश आर्य को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बसंती थापा को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुटी है।














Leave a comment