रामनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7.34 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सैनी तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान शिवलालपुर तिराहे से आगे काशीपुर-रामनगर रोड स्थित हिल टाउन होटल के पास काशीपुर की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। तो पुलिस को देखकर बाइक सवार दोनों युवक वाहन को कच्चे रास्ते में उतारकर भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलने से दोनों गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK06V-2398 के वाइजर में काले रंग की पन्नी में रखी 7.34 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक काशीपुर से खरीदकर रामनगर लाए थे। कुछ स्मैक का स्वयं सेवन करते थे, जबकि शेष को अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय नेगी निवासी धोबीघाट, गुल्लरघट्टी, रामनगर तथा मो. आलम निवासी कदीमा मस्जिद के पास, रामनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली रामनगर में मुकदमा अपराध संख्या 213/2026 के तहत धारा 8/21/27/60 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। बरामद स्मैक और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।














Leave a comment