पिथौरागढ़
बेरीनाग: अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, बेरीनाग में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने चित्रकला, भाषण और विज्ञान प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, साथ ही मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर मंडल अध्यक्ष बेरीनाग श्री त्रिलोक खाती जी एवं विशिष्ट अतिथि निखिल पंत जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य धनी राम ग्वासिकोटी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और छात्र-छात्राओं को रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में राजकीय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री कपिल पांडे, जगजीवन प्रसाद, मंजुल पंत,सुरमा भूपाली सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुंदर महरा द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त कर कार्यक्रम का समापन किया गया।













Leave a comment