ऊधम सिंह नगर के जयनगर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है,
जहां छतरपुर इलाके में स्थित एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का काला गुबार फैल गया, जो कि कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए एक दर्जन से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया, लेकिन आग लगातार विकराल रूप लेती रही।
स्थिति को देखते हुए गोदाम के आसपास रह रहे लोगों को सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल वहां से हटाया गया।
बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में टायर और इंडस्ट्रियल स्क्रैप रखा हुआ था,
जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई। गोदाम स्वामी के अनुसार करीब 50 लाख रुपये से ज्यादा का माल जलकर राख हो गया है। वहीं गोदाम में खड़ी पांच मोटरसाइकिलें भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह स्वाहा हो गईं।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीमों ने आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, वहीं स्थानीय लोग प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था और आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।














Leave a comment