पिथौरागढ़
जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में एग्री स्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे तथा अंश निर्धारण की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री तैयार किए जाने हेतु जनपद के कुल 1639 राजस्व ग्रामों में से 1439 ग्रामों का डाटा प्राप्त हो चुका है। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने के लिए कृषि, उद्यान, पशुपालन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज एवं राजस्व विभाग के कार्मिकों की नियुक्ति की गई है।
पटवारी क्षेत्रवार रोस्टर तैयार किया जा रहा है, जिसके अनुसार विभिन्न स्थानों पर कैंप आयोजित कर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री की जाएगी। वर्तमान तक कृषि विभाग के 53, उद्यान विभाग के 14 तथा पशुपालन विभाग के 18 कार्मिकों की नियुक्ति की जा चुकी है। राजस्व परिषद के सहयोग से आज अपराह्न 3:00 बजे प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि योजना का नियमित अनुश्रवण करते हुए अधिकतम प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान लाभान्वित हो सकें।
किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने हेतु निम्न दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है:
आधार कार्ड
आधार से लिंक मोबाइल नंबर
कोई एक खतौनी
फार्मर रजिस्ट्री हेतु किसान मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय, विकास भवन पिथौरागढ़ तथा कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय पिथौरागढ़, डीडीहाट एवं बेरीनाग में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त सभी विकास खण्ड मुख्यालयों में स्थित कृषि विभाग के कार्यालयों में भी रजिस्ट्री कराई जा सकती है।
बैठक में बताया गया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे में जनपद पिथौरागढ़ राज्य स्तर पर शीर्ष तीन जनपदों में बना हुआ है। जिलाधिकारी ने प्रगति को संतोषजनक बताते हुए अधिकारियों को और अधिक प्रयास कर जनपद को प्रथम स्थान पर पहुँचाने के लिए कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, उप जिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेंद्र चौधरी, मुख्य उद्यान अधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी हरीश आर्या, तहसीलदार सदर विजय गोस्वामी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।














Leave a comment