उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटवाड़ी ब्लॉक के चढ़ेथी से आगे पापड़ गाड़ क्षेत्र में सड़क एक बार फिर धीरे-धीरे धंसने लगी है। करीब 70 मीटर हिस्से में लगातार दरारें बढ़ रही हैं,
जिससे राजमार्ग के पूरी तरह बाधित होने का खतरा मंडरा रहा है। फिलहाल छोटे वाहन किसी तरह निकल रहे हैं, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह सड़क पर हल्के क्रैक दिखाई दिए थे, लेकिन समय के साथ दरारें लगातार चौड़ी होती जा रही हैं। यदि धंसाव इसी तरह बढ़ता रहा तो किसी भी समय गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो सकता है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 की आपदा में इसी स्थान पर लगभग 70 मीटर सड़क पूरी तरह ध्वस्त हो गई थी। इसके बाद बीआरओ (BRO) द्वारा यहां मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य कराया गया तथा सड़क का डामरीकरण भी किया गया था।
लेकिन अब उसी स्थान पर दोबारा दरारें उभरने से किए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण मानकों के अनुरूप और स्थायी समाधान के साथ किया गया होता तो इतनी कम अवधि में दोबारा ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
लोगों ने संबंधित एजेंसियों से तत्काल विशेषज्ञों की टीम भेजकर जांच कराने और स्थायी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
यह मार्ग चारधाम यात्रा की जीवनरेखा है। यदि सड़क पूरी तरह धंसती है तो गंगोत्री धाम यात्रा, स्थानीय ग्रामीणों की आवाजाही, व्यापार और आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
प्रशासन और बीआरओ के लिए यह स्थिति बड़ी चुनौती बनती जा रही है।














Leave a comment