भिकियासैंण – भिकियासैंण में एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भतरोंजखान थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के एक कार गहरी खाई में गिर गई। जिसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।
हादसा रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सुबह करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है। इसके बाद वाहन के खाई में गिरने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही भतरोंजखान पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, एसडीआरएफ, आपदा कंट्रोल, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। जिसमें वाहन सड़क से करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में मिला। 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भिकियासैंण पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृतक घोषित कर दिया। कार में सवार भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चन्द्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत उम्र 32 वर्ष की पहचान हुई है, जबकि तीसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग जागरी का कार्य करते थे और रात में ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित एक जागर कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को रेस्क्यू कर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।













Leave a comment