पिथौरागढ़ – संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायण नगर में प्रोफेसर प्रेमलता कुमारी ने प्राचार्या* का कार्यभार ग्रहण किए जाने के अवसर पर महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्या प्रोफेसर प्रेमलता पंत सहित समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. प्रेमलता पंत ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और महाविद्यालय परिवार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। 
इस दौरान उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही संस्थान की प्रगति संभव है।
प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने नई प्राचार्या को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय का चौमुखी विकास होगा।
पदभार ग्रहण के उपरांत अपने प्रथम उद्बोधन में नई प्राचार्या प्रो. प्रेमलता कुमारी ने महाविद्यालय को एक परिवार बताते हुए सभी से सहयोग की आकांक्षा प्रकट की। उन्होंने कहा कि एक कुशल प्रशासक भी बिना टीम के सहयोग के सफल नहीं हो सकता।
इसलिए सभी को एक समूह के रूप में कार्य करना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय की पठन-पाठन व्यवस्था तथा परिवेश की विशेष सराहना करते हुए संस्थान को उच्च शैक्षिक उपलब्धियों की ओर अग्रसर करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयास से महाविद्यालय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की प्रेरणा के साथ हुआ।













Leave a comment