पिथौरागढ़
नारायण नगर। संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायण नगर में बुधवार को उत्तराखंड के युवाओं एवं युवतियों के लिए विदेश में रोजगार के अवसरों से संबंधित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं, प्रशिक्षण, वेतन एवं संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. प्रेमलता कुमारी ने की। मुख्य वक्ता के रूप में जिला सेवायोजन अधिकारी श्री शंकर सिंह बोरा ने विद्यार्थियों को विदेश में रोजगार की संभावनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विभिन्न रोजगारपरक पदों, आवश्यक योग्यता, आयु सीमा, प्रशिक्षण शुल्क तथा प्रशिक्षण के उपरांत उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी माध्यमों एवं प्रमाणित स्रोतों के माध्यम से ही जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केयरगिवर (जापान) तथा असिस्टेंट नर्स (जर्मनी) जैसे रोजगारपरक अवसरों के संबंध में भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, आवास एवं भोजन संबंधी सुविधाओं तथा रोजगार से जुड़े विभिन्न प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. दिनेश कुमार कोहली ने किया। काउंसलिंग कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा विदेश में रोजगार से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछकर विशेषज्ञ से जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को रोजगार के बदलते अवसरों के अनुरूप आवश्यक कौशल एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।













Leave a comment