उत्तराखंड
शिवपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने दो परिवारों को बेघर कर दिया। आग इतनी भयावह थी कि टिन से बने दो मकान और उनमें रखा पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार शिवपुर गांव निवासी दर्शन दास और शुभेक सुबह घर में खाना बनाकर परिवार सहित काम के सिलसिले में रुद्रपुर चले गए थे। करीब 10 बजे पड़ोसियों ने उनके घरों से धुआं निकलते देखा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इसी दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिसकी तेज आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों घरों में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
आग की इस घटना में दोनों परिवारों का कपड़े, बर्तन, अनाज, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह खाक हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।














Leave a comment