उत्तराखंड
रामनगर में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कैंटर वाहन के अचानक ब्रेक फेल हो गए।
ब्रेक फेल होने के बाद कैंटर अनियंत्रित होकर एक बाइक और एक टेंपो से जा भिड़ा। हादसे में बाइक सवार एक युवती घायल हो गई, जबकि बाइक और टेंपो क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, भवानीगंज भगत सिंह चौक के समीप रानीखेत रोड की ओर से आ रहे कैंटर वाहन के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कैंटर ने सड़क पर चल रहे वाहन अपनी चपेट में ले लिए। दुर्घटना में ग्राम हिम्मतपुर निवासी 17 वर्षीय रूपाक्षी घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लगने से यातायात भी प्रभावित हुआ। मौके पर मौजूद सीमा सुरक्षा बल, पुलिस कर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कैंटर के नीचे पत्थर और लकड़ी के बड़े गट्टू लगाकर वाहन को मुश्किल से रोका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते वाहन नहीं रोका जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
फिलहाल इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।














Leave a comment