पिथौरागढ़
*बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत पिथौरागढ़ में अभिनव पहल: “मेरी चेली मयार घरै पछयांण” कार्यक्रम का शुभारम्भ कनालीछीना से
जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगाई के निर्देशानुसार जनपद में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने एवं समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल ” मेरि चेली म्यार घरै पछयांण” कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ आज कनालीछीना विकासखण्ड के ग्राम सतगड़ से किया गया ।
उल्लेखनीय है कि जनपद में पुरुषों की तुलना में महिलाओं का लिंगानुपात अपेक्षाकृत कम है, विशेष रूप से बालकों की तुलना में बालिकाओं का लिंगानुपात चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। इस पृष्ठभूमि में यह कार्यक्रम बालिका जन्म को बढ़ावा देने, कन्या भ्रूण हत्या की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा लैंगिक समानता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगा।
“मेरी चेली मयार घरै पछयांण” कार्यक्रम के अंतर्गत बालिका के जन्म पर उसके परिवार के घर की पहचान बालिका के नाम से की जाने हेतु बालिकाओं के नाम की पट्टिका संबंधित परिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग, पिथौरागढ़ द्वारा उपलब्ध कराई गई, जिसे घर के बाहर स्थापित किया जाएगा।
तथा कार्यक्रम में एक बालिका हर्षिता के घर मे जिलाधिकारी महोदय द्वारा स्वयं जाकर घर के बाहर हर्षिता नाम की पट्टिका लगवाई गयी।
इस तरह से खुशी , ईशा, अर्पिता ,सपना,सौम्या आदि सहित कुल 20 बच्चों को उनके नाम की पट्टिका जिलाधिकारी महोदय द्वारा वितरित की गई।
इस सफल मुहिम का उद्देश्य बालिका के प्रति गर्व एवं सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा समाज में यह संदेश देना है कि बेटियां परिवार और समाज की शान हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा समाज में यह संदेश प्रसारित किया जाएगा कि बेटी किसी से कम नहीं है। उनके द्वारा यह भी कहा गया कि इस पहल को अभिभावकों , ग्राम पंचायतों तथा समाज द्वारा स्वयं भी आगे को बढ़ाना चाहिए।
जिला प्रशासन द्वारा अपेक्षा की गई है कि इस पहल में जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन एवं आम नागरिक सक्रिय सहभागिता निभाएंगे, जिससे बेटियों के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो सके और जनपद को बालिका संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक नई पहचान मिल सके।
इस सम्पूर्ण कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अंजू कापड़ी, BTC सदस्य भुवन कापड़ी, पूर्व प्रधान सावित्री कापड़ी , महिला सशक्तिकरण एवम बाल विकास विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ निर्मल सिंह बसेड़ा , प्रधान सहायक राजकुमार भंडारी ,मिशन शक्ति टीम तथा वन स्टॉप सेंटर की परामर्शदाता सहित समस्त ग्रामीण लोग उपस्थित रहे।














Leave a comment