उत्तराखंड
रामनगर के तेलीपुरा रोड स्थित स्टार प्लाईवुड फैक्ट्री में गुरुवार तड़के अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रामनगर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
हादसे में फैक्ट्री में रखा प्लाईवुड व अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार आज शाम लगभग 07:00 बजे फायर स्टेशन रामनगर को सूचना प्राप्त हुई कि तेलीपुरा रोड स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में आग लग गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गोपाल सिंह रावत के नेतृत्व में फायर स्टेशन रामनगर से एक फायर यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग अमान अहमद पुत्र नईम अहमद की स्टार प्लाईवुड फैक्ट्री में लगी हुई थी। फैक्ट्री में रखे प्लाई बोर्ड और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल रही थी।
दमकल कर्मियों ने तुरंत मोटर फायर इंजन से पंपिंग शुरू कर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग का विकराल रूप देखते हुए फायर स्टेशन से दूसरी फायर यूनिट भी मौके पर बुलानी पड़ी।
दोनों दमकल वाहनों की संयुक्त कार्रवाई के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग की तत्परता के चलते आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।














Leave a comment