पिथौरागढ़ कारगिल युद्ध के अमर शहीद कुंडल सिंह बेलाल की 26वीं पुण्यतिथि पर आज बिलाई क्षेत्र में शहीद द्वार पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनमानस, ग्रामवासियों, युवाओं, मातृशक्ति तथा पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अमर बलिदानी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शहीद कुंडल सिंह बेलाल जैसे वीर सपूत ही सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की वास्तविक पहचान हैं। ऐसे वीर जवान अपने प्राणों की चिंता किए बिना केवल एक ही संकल्प लेकर सीमा पर जाते हैं कि उनका रक्त मातृभूमि और देश की सीमाओं की रक्षा के काम आए। कारगिल युद्ध की विषम परिस्थितियों में शहीद कुंडल सिंह बेलाल ने अपने अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान से पूरे जनपद और देश का नाम गौरवान्वित किया था।
पुण्यतिथि कार्यक्रम पर जहां भारत माता के जयकारों और “अमर शहीद कुंडल सिंह बेलाल अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों की सहभागिता विशेष रूप से प्रेरणादायक रही, जिन्होंने देशभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से वीर शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उपस्थित जनसमूह ने “जब तक सूरज चांद रहेगा, शहीद तेरा नाम रहेगा” के उद्घोष के साथ अमर बलिदान को नमन किया।
पूर्व सैनिक संगठन द्वारा शहीद की पूज्य माताजी श्रीमती कुना देवी जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा संगठन ने परिवार को हर संभव सहयोग और सम्मान देने का संकल्प दोहराया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शहीदों की वीरगाथाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और समाज का दायित्व है कि ऐसे बलिदानों को सदैव स्मरण रखा जाए।
इस अवसर पर सु मेजर मनोहर सिंह बेलाल, धर्म गुरु नबीन गुरुरानी लक्ष्मणओझा महादेव गिरी, मोहन जोशी, कमान सिंह, भूपाल सिंह सहित दर्जनों पूर्व सैनिक, बड़ी संख्या में ग्रामवासी, युवा एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति, श्रद्धा और गर्व की भावनाओं से ओतप्रोत रहा।














Leave a comment