उत्तराखंड
अल्मोड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देघाट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से 54.450 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 13.61 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन और सीओ बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा केदार उदयपुर रोड स्थित ग्राम उदयपुर डोभरी गधेरा के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार संख्या CH 01-AR-9289 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी में रखे तीन कट्टों से क्रमशः 20.100 किलोग्राम, 16.150 किलोग्राम और 18.200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल बरामद गांजे का वजन 54.450 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने मौके से हिम्मत सिंह बोरा (36 वर्ष) निवासी दुर्गापुरी रामनगर और भरत रावत (25 वर्ष) निवासी पुछड़ी रामनगर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना देघाट में NDPS एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन को भी सीज कर दिया गया है। एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने उत्कृष्ट कार्य के लिए देघाट पुलिस टीम को एक हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
अभियान में अपर उप निरीक्षक गंगा प्रसाद, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा, कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह और नीरज बिष्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।














Leave a comment