उत्तराखंड
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म और उसके साथी युवक के साथ मारपीट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने लगातार दबिश और गहन जांच के बाद सभी आरोपियों को फुलगढ़ के जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपियों ने पीड़ित युवक के साथ मारपीट कर वारदात को अंजाम देने में सहयोग किया। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई की रात तीन युवक सुल्तानपुर लक्सर से एक नाबालिग लड़की को मोटरसाइकिल पर लेकर फुलगढ़ के जंगल पहुंचे। वहां पहले से शराब पी रहे तीन अन्य युवकों ने अपने साथियों को भी बुला लिया।
इसके बाद आरोपियों ने युवक और युवती को जंगल के अंदर ले जाकर युवक के साथ मारपीट की तथा मुख्य आरोपी महेश उर्फ मंत्री ने नाबालिग से दुष्कर्म किया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
13 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पथरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल तीन पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और कई स्थानों पर लगातार दबिश दी। आखिरकार 17 जुलाई को फुलगढ़ के जंगल से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।














Leave a comment