नारायणनगर। खटीमा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (KITM) कॉलेज, खटीमा में आयोजित अंतर महाविद्यालयी महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता में संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणनगर की महिला वॉलीबाल टीम ने लगातार तीसरी बार चैंपियन बनकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। सात टीमों के बीच हुए मुकाबलों में नारायणनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में एसएसजे कैंपस, चंपावत को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
पूरी प्रतियोगिता में नारायणनगर की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में भी टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
विजेता टीम की कमान कप्तान ज्योति कन्याल ने संभाली। टीम की जीत में दिया, हर्षिता, मोनिका, विनीता, गोदावरी रावल, लक्की आर्या और ज्योति खोलिया ने अहम भूमिका निभाई। खिलाड़ियों के सामूहिक प्रदर्शन और बेहतर तालमेल ने टीम को खिताब तक पहुंचाया।
टीम की सफलता में महाविद्यालय की क्रीड़ा प्रभारी एवं टीम मैनेजर डॉ. रश्मि टम्टा तथा कोच डॉ. दिनेश कोहली का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए उनका निरंतर उत्साहवर्धन किया।
लगातार तीसरी बार खिताब जीतने पर महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। प्राचार्य प्रो. प्रेमलता कुमारी ने विजेता टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना की।
महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी कप्तान ज्योति कन्याल सहित दिया, हर्षिता, मोनिका, विनीता, गोदावरी रावल, लक्की आर्या एवं ज्योति खोलिया को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













Leave a comment