पिथौरागढ़। भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं, आपसी भाईचारे और सैनिक एकता की भावना को समर्पित कुमाऊँ स्काउट्स के पूर्व सैनिकों ने आज एक निजी होटल में अपना 45वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) कैप्टन श्याम सिंह कार्की ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर शेर सिंह मेहता ने कुमाऊँ स्काउट्स यूनिट से जुड़े अपने पुराने दिनों की यादें साझा कीं। उन्होंने यूनिट के गौरवशाली इतिहास, सैनिक जीवन के अनुभवों और आपसी भाईचारे को याद करते हुए सभी स्काउट्स परिवारों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों में गजब का उत्साह देखने को मिला। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में चार चाँद लगा दिए। जैसे ही *’हम छू कुमाऊँ, हमरो कुमाऊँ’* गीत की धुन गूंजी, स्काउट्स के वीर पूर्व सैनिक स्वयं को थिरकने से रोक नहीं पाए। सैनिक जीवन की अनुशासित दिनचर्या के बीच छिपी पहाड़ की संस्कृति, लोकगीतों और अपनेपन की झलक ने पूरे माहौल को यादगार बना दिया।
यह आयोजन केवल स्थापना दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि उन सुनहरी यादों को फिर से जीने का अवसर भी बना, जिन्हें सैनिकों ने अपनी सेवा के दौरान एक-दूसरे के साथ संजोया है। वर्दी भले ही उतर गई हो, लेकिन कुमाऊँ स्काउट्स का गौरव, आपसी जुड़ाव और कालिका माता के प्रति आस्था आज भी सभी के दिलों में उतनी ही जीवंत है।
कार्यक्रम का समापन स्काउट्स गान और ‘कालिका माता की जय’ के गगनभेदी जयकारों के साथ हुआ।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर बहादुर सिंह, पुष्कर सिंह, विक्रम सिंह, भूपेंद्र सिंह, नारायण दत्त, हरि नंदन, भूपाल सिंह, गोविंद ज्याला, बहादुर सिंह, देव सिंह, होशियार सिंह, महेश पांडेय सहित कैप्टन पुष्कर सिंह धामी एवं अनेक पूर्व सैनिक और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम का सफल एवं कुशल संचालन पूर्व सैनिक संगठन के उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर रमेश सिंह महर द्वारा किया गया।














Leave a comment