उत्तराखंड
दिनेशपुर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े दुकानों को निशाना बनाया जा रहा है। मामला दिनेशपुर मेन चौराहे स्थित हनुमंत इलेक्ट्रिकल्स दुकान का है, जहां एक शातिर युवक ग्राहक बनकर आया और मौका मिलते ही गल्ले से 57 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में व्यापारियों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
पीड़ित दुकानदार राजेंद्र चावला ने बताया कि करीब 30 से 35 वर्ष का एक युवक पहले दुकान पर आया और सामान के रेट पूछकर चला गया। कुछ देर बाद वह दोबारा एक लिस्ट लेकर पहुंचा और करीब साढ़े सात हजार रुपये का सामान निकलवाने की बात कही। दुकानदार सामान निकालने के लिए दुकान के अंदर बेसमेंट में चला गया।
इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर गल्ले की दराज खोली और अंदर रखे बैग में मौजूद करीब 57 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
दुकानदार जब सामान लेकर वापस बाहर आया तो युवक वहां मौजूद नहीं था। पहले उसे लगा कि शायद वह आसपास होगा, लेकिन जब काफी देर तक युवक नहीं दिखा तो उसे शक हुआ। इसके बाद उसने गल्ला चेक किया तो सामने रखे 500-500 रुपये के नोट वहीं पड़े थे, लेकिन अंदर रखा कैश से भरा बैग गायब था।
घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई। बाद में थाने में तहरीर भी दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।














Leave a comment