पिथौरागढ़, सभी सड़कों को 18 अक्टूबर की शाम तक गड्ढामुक्त करें संबंधित विभाग: जिलाधिकारी
*सड़क सुधारीकरण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं होगा, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जनपद में सड़कों के सुधारीकरण एवं गड्ढामुक्त किए जाने के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी सड़कों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गड्ढामुक्त करने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि 18 अक्टूबर 2026 की शाम तक सभी संबंधित विभाग अपनी सड़कों को गड्ढामुक्त करना सुनिश्चित करें तथा इस संबंध में प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुधारीकरण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि केवल कार्यों को समाप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के साथ ही गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन करना भी अनिवार्य है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के अंतर्गत संचालित सड़क सुधारीकरण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी विभाग की ओर से कार्यों में शिथिलता, लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सड़क सुधारीकरण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्थलों का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।














Leave a comment