उत्तराखंड राज्य के रामनगर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
कानिया चौराहे पर शाम करीब 7 बजकर 30 मिनट पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार रामनगर के ग्राम सांवल्दें निवासी तीन युवक—अमित उर्फ दिगंबर पुत्र गोविंद सिंह 19 वर्ष , भास्कर पुत्र अमीर सिंह 21 वर्ष और उमेश पुत्र वीरेंद्र सिंह 21 वर्ष—एक ही बाइक पर सवार होकर सांवल्दें से रामनगर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दूसरी दिशा से ग्राम पाटकोट निवासी पंकज पुत्र नंदलाल उम्र लगभग 40 वर्ष,अपनी बुलेट बाइक से अकेले रामनगर की ओर जा रहा था।
जैसे ही दोनों बाइक कानिया चौराहे के समीप पहुंचीं, अचानक आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई,टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और चारों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तत्काल रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने अमित उर्फ दिगंबर को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है,हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कानिया चौराहे पर ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।














Leave a comment