देवलथल (पिथौरागढ़)।
ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ क्षेत्र देवलथल के तत्वावधान में प्राइम हॉस्पिटल रामनगर रोड, काशीपुर द्वारा दिनांक 11 जनवरी 2026 को एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्वास्थ्य शिविर में मेडिसिन विभाग, जनरल सर्जरी विभाग एवं हड्डी रोग विभाग के अनुभवी चिकित्सक उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान लोगों की ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जाँच निःशुल्क की गई, साथ ही रोगियों को आवश्यक दवाइयाँ भी निःशुल्क प्रदान की गईं। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों के लिए यह शिविर किसी राहत से कम नहीं रहा।
प्राइम हॉस्पिटल काशीपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अर्जुन सिंह बोहरा ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य अपनी जन्मभूमि पिथौरागढ़ में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर और निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाएँ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सकें।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन क्षेत्र देवलथल के अध्यक्ष शंकर सिंह सामंत ने प्राइम हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उनके साथ गोविंद बल्लभ पाण्डेय, लाल सिंह बसेड़ा, श्याम दत्त जोशी, कृष्णा सिंह नेगी एवं खुशाल सिंह बसेड़ा सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
प्राइम हॉस्पिटल काशीपुर की ओर से विमल बोहरा, भावना बोहरा, अशोक बोहरा, सैंफ अली, विकास बेदी, रमन प्रजापति, संजीव कुमार एवं गीता सामंत ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परामर्श एवं उपचार का लाभ उठाया। लोगों ने इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि प्राइम हॉस्पिटल रामनगर रोड, काशीपुर कूल्हा एवं घुटना प्रत्यारोपण जैसी जटिल शल्य क्रियाओं के लिए जाना जाता है, जहाँ अनुभवी एवं कुशल चिकित्सकों द्वारा आधुनिक तकनीक से उपचार किया जाता है।














Leave a comment