उत्तरकाशी से इस वक्त की बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप डबरानी की ओर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक नदी किनारे से चार व्यक्तियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, वाहन में अन्य लोगों के सवार होने की आशंका को देखते हुए उनकी तलाश लगातार जारी है।
नदी का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
वहीं, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि रेस्क्यू किए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। एनडीआरएफ की 27 सदस्य टीम रेस्क्यू के लिए रवाना हो चुकी है
फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन प्रभावितों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रहा है।














Leave a comment