Home उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर पिथौरागढ़ में विविध कार्यक्रम आयोजित, राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान को किया नमन
उत्तराखंड

राज्य स्थापना दिवस पर पिथौरागढ़ में विविध कार्यक्रम आयोजित, राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान को किया नमन

16

पिथौरागढ़

राज्य स्थापना दिवस पर पिथौरागढ़ में विविध कार्यक्रम आयोजित, राज्य आंदोलनकारियों के त्याग एवं बलिदान को किया नमन

*विकास पुस्तिका का हुआ विमोचन, राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित*

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद पिथौरागढ़ में सादगीपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में आयोजित किया गया, जबकि जनपद के उपजिला मुख्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीडीहाट विधायक श्री बिशन सिंह चुफाल एवं जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोकगीतों एवं लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित राज्य की विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। साथ ही राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों को जिलाधिकारी एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्य निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान, संघर्ष एवं त्याग को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

मुख्य अतिथि विधायक डीडीहाट श्री बिशन सिंह चुफाल ने अपने संबोधन में समस्त जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के अथक संघर्ष के परिणामस्वरूप ही पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘वोकल फॉर लोकल’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जनपद के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान एवं प्रोत्साहन मिल रहा है। साथ ही आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित अल्ट्रा मैराथन जैसी गतिविधियों से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को भी नई गति मिल रही है।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि मेयर नगर निगम पिथौरागढ़ श्रीमती कल्पना देवलाल ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास में जनसहभागिता एवं स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने समस्त जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, नगरवासियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें उन महान राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं योगदान का स्मरण कराता है, जिनके अथक प्रयासों से उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हुआ।

उन्होंने अपनी बोली-भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों विशेषकर धारों-नौलों के पुनर्जीवन, पैतृक गांवों को आबाद रखने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनपदवासियों से इन संकल्पों को आत्मसात कर राज्य के विकास एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा मनरेगा, दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास योजना तथा कृषि एवं उद्योग विभाग की एमएसएमई योजना के लाभार्थियों, राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रहलाद कोड़े, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी श्री योगेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान बडालू दिवाकर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, गणमान्य नागरिक, विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

संयोजन ग्रामीण एकता मंच, अध्यक्ष अस्कोट विकास संघर्ष समिति के तरुण पाल द्वारा के नेतृत्व में जुलूस निकाला

पिथौरागढ़ संयोजन ग्रामीण एकता मंच, अध्यक्ष अस्कोट विकास संघर्ष समिति के तरुण...

भारतीय सेना की खड़गा कोर का आदि कैलाश अभियान*

पिथौरागढ़ आदि कैलाश, उत्तराखंड। भारतीय सेना की खड़गा कोर की पर्वतारोहण टीम...