उत्तराखंड राज्य के जनपद पौड़ी गढ़वाल से सटे बमठी गांव में आज सुबह करीब 08 बजे एक दर्दनाक घटना घट गयी,
जहां घात लगाए बैठे गुलदार ने गांव की 60 वर्षीय सीता देवी को अपना शिकार बना लिया।
बताया जा रहा है कि सीता देवी रोज की तरह अपने काम से घर के पास निकली थीं,
तभी झाड़ियों में छिपे 2 गुलदारो ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से 2 गुलदार का आतंक बना हुआ है, लेकिन विभाग केवल खानापूर्ति कर रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी ऐसे मामलों में असली गुलदार को पकड़ने के बजाय अन्य गुलदार को मारकर मामले को शांत करने की कोशिश की गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के समय गांव के आसपास दो गुलदार देखे गए थे। उनका साफ कहना है कि जब तक दोनों गुलदारों को मार गिराया नहीं जाता, वे वन विभाग की किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेंगे। गुस्साए ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक शव को गांव से नहीं उठाने दिया जाएगा।वहीं प्रभारी डीएफओ पौड़ी रजत सुमन ने बताया कि मामले में उच्च अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं और पिंजरे भी स्थापित किए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।














Leave a comment