नारायण नगर, पिथौरागढ़।
देवभूमि उद्यमिता योजना (DUY) के अंतर्गत संचालित उद्यमिता विकास कार्यक्रम (Entrepreneurship Development Programme–EDP) के तृतीय बैच के लिए संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायण नगर, पिथौरागढ़ के छात्र सुजल ऐरी का चयन हुआ है। उनका चयन भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) काशीपुर में आयोजित होने वाले विशेष EDP कार्यक्रम के लिए किया गया है।
यह कार्यक्रम 26 से 31 अक्टूबर 2026 तक IIM काशीपुर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को उद्यमिता, व्यवसायिक विचारों को विकसित करने, बाजार की समझ, व्यवसाय संचालन तथा अपने उद्यम को आगे बढ़ाने से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
महाविद्यालय की EDP नोडल अधिकारी डॉ. सरिका वर्मा ने बताया कि देवभूमि उद्यमिता योजना विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने और उन्हें नौकरी तलाशने वाले के साथ-साथ रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक उद्यम में बदलने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
सुजल ऐरी की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त प्राध्यापकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा आशा व्यक्त की कि वह IIM काशीपुर में प्राप्त प्रशिक्षण एवं अनुभव का उपयोग भविष्य में एक सफल उद्यम स्थापित करने में करेंगे।
उल्लेखनीय है कि देवभूमि उद्यमिता योजना उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग की पहल है, जिसे Entrepreneurship Development Institute of India (EDII), अहमदाबाद के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य राज्य के महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों में उद्यमिता की क्षमता विकसित करना तथा उन्हें प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।













Leave a comment