नारायण नगर, 23 नवंबर 2026। संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायण नगर, पिथौरागढ़ में उच्च शिक्षा निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में सोमवार को महाविद्यालय सभागार में प्राचार्य की अध्यक्षता में नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ अनुलहुदा के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों एवं इसके व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक तथा सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों से अवगत कराने के लिए एक जागरूकता फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे की लत से होने वाले नुकसान, इसके गंभीर परिणामों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन नंबर 14446 की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों को परामर्श, मार्गदर्शन तथा उपचार संबंधी सहायता प्राप्त करने में सहयोग मिलता है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाकर नशामुक्ति के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएँ।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस जागरूकता गतिविधि का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना, उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें!













Leave a comment