पिथौरागढ़। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के अंतर्गत छात्र वैज्ञानिकों प्रिया जोशी एवं अनुष्का रावत ने अपने वैज्ञानिक प्रोजेक्ट के तहत प्रिंटिंग प्रेस का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मार्गदर्शक शिक्षिका दीपा खाती के निर्देशन में कागज निर्माण से लेकर पुस्तकों एवं कॉपियों की छपाई तक की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान छात्र वैज्ञानिकों ने जाना कि कागज किस प्रकार तैयार किया जाता है तथा प्रिंटिंग प्रेस में कागज पर लिखित सामग्री और चित्रों की छपाई किस तकनीक से की जाती है। उन्होंने पुस्तकों एवं कॉपियों के निर्माण में उपयोग होने वाली विभिन्न मशीनों, प्रिंटिंग की प्रक्रिया, कागज की कटिंग, पृष्ठों की व्यवस्थित छपाई और बाइंडिंग के बारे में भी जानकारी जुटाई।
इसके साथ ही छात्र वैज्ञानिकों ने प्रिंटिंग प्रक्रिया के दौरान होने वाली कागज की बर्बादी (पेपर वेस्टेज), खराब प्रिंट, कटिंग से निकलने वाले अतिरिक्त कागज तथा उसके पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे। उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि प्रतिदिन कितनी मात्रा में कागज उपयोग किया जाता है और कितना कागज अपशिष्ट के रूप में निकलता है।
इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य कागज के उत्पादन एवं उपयोग की प्रक्रिया को समझना, कागज की बर्बादी के कारणों का अध्ययन करना तथा कागज संरक्षण एवं पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
मार्गदर्शक शिक्षिका दीपाखाती ने बताया कि इस प्रकार के क्षेत्रीय अध्ययन से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अवलोकन क्षमता, प्रश्न पूछने की प्रवृत्ति एवं वास्तविक समस्याओं के समाधान खोजने की क्षमता विकसित होती है। छात्र वैज्ञानिकों ने भ्रमण के दौरान प्राप्त जानकारियों को अपने बाल विज्ञान कांग्रेस प्रोजेक्ट में शामिल करने की बात कही।












Leave a comment