उत्तराखंड
पहाड़ों की रानी मसूरी में सुकून और यादगार पल बिताने आए एक नवविवाहित दंपती की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में कार्यरत 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला की मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद पर्यटन नगरी में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतका के परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
मसूरी सीओ जगदीष पंत ने बताया कि मृतका की पहचान पी. राधा गायत्री निवासी पूर्वी दिल्ली (मूल निवासी विशाखापट्टनम) के रूप में हुई है।
वह अपने पति सौम्या श्रीचरण के साथ मसूरी घूमने आई थीं। दोनों की शादी 8 नवंबर 2025 को हुई थी और शादी के बाद यह उनकी उत्तराखंड यात्रा थी। उन्होने बताया कि दंपती 13 जून को दिल्ली से ऋषिकेश पहुंचे थे और 14 जून की रात करीब साढ़े 11 बजे मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित कियाना होमस्टे के ब्लिस नामक कमरे में रुके थे।
पति ने पुलिस को बताया कि दोनों ने रात में शराब का सेवन किया और करीब साढ़े तीन बजे सोने चले गए। सुबह जब वह जागा तो उसकी पत्नी कमरे में अचेत अवस्था में पड़ी थी।
उसकी नाक से खून बह रहा था और शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके बाद तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान महिला का शव फर्श पर मिला, जबकि बिस्तर की चादर पर खून के निशान पाए गए।
कमरे से दो खाली शराब की बोतलें और खाद्य सामग्री भी बरामद की गई।
फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।














Leave a comment