पिथौरागढ़-
ग्राम पंचायत ओगला, डीडीहाट में संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायण नगर, पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) विशेष आवासीय शिविर का शुभारंभ अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। 
उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रोफेसर प्रेमलता कुमारी रहीं, जिन्होंने दीप प्रज्वलन कर शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।
यह शिविर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कोहली (सहायक प्रोफेसर) के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
शिविर का प्रमुख उद्देश्य ग्रामवासियों में सेवा भावना का विस्तार, जन-जागरूकता का प्रसार, सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करना तथा युवाओं में नेतृत्व एवं अनुशासन का विकास करना रहा,
*द्वितीय दिवस– योग, स्वच्छता एवं बौद्धिक जागरूकता
द्वितीय दिवस की शुरुआत योग प्रशिक्षिका उमा दिगारी द्वारा योगाभ्यास से हुई,
जिससे स्वयंसेवकों में शारीरिक एवं मानसिक ऊर्जा का संचार हुआ। तत्पश्चात स्वयंसेवकों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय प्यांखेत परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपराह्न सत्र में डॉ. रविन्द्र कुमार (जन्तु विज्ञान) ने “पोषण” विषय पर तथा डॉ. शुभम सिंह (भौतिक विज्ञान) ने “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को उपयोगी एवं समसामयिक जानकारी प्रदान की।
*तृतीय दिवस* – स्वच्छता एवं महिला सुरक्षा जागरूकता
तृतीय दिवस में स्वयंसेवकों द्वारा नौलों (पारंपरिक जल स्रोतों), मंदिर परिसर एवं आंगनवाड़ी केंद्र में स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
बाल विकास परियोजना की पर्यवेक्षक शांति ठगुना ने महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर ग्रामीण महिलाओं को जागरूक किया।
चतुर्थ दिवस – पर्यावरण संरक्षण एवं स्वरोजगार
चतुर्थ दिवस में जिमीवाल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा धूम्रपान के दुष्परिणामों के प्रति जन-जागरूकता फैलाई गई।
वन विभाग के अधिकारियों एवं प्रोफेसर डॉ. टीका सिंह द्वारा पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता एवं स्वरोजगार के अवसरों पर प्रेरक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
*पंचम दिवस* – कानूनी एवं साइबर जागरूकता
पंचम दिवस पर पुलिस विभाग के अधिकारियों ने साइबर अपराध, महिला अधिकार, गुड टच-बैड टच एवं अपराध रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान संचालित कर समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।
*षष्ठम दिवस* – नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जागरूकता
षष्ठम दिवस पर स्वयंसेवकों ने ओगला बाजार में स्वच्छता विषयक जागरूकता रैली निकाली तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
समापन दिवस – भावनात्मक विदाई के साथ शिविर सम्पन्न
अंतिम दिवस की शुरुआत योग एवं ध्यान से हुई। दीपक सिंह कन्याल द्वारा स्वयंसेवकों को प्रेरणादायक संबोधन दिया गया।
समापन समारोह की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर प्रेमलता पंत ने की। मुख्य अतिथि ग्राम सभा ओगला के ग्राम प्रधान सुंदर सिंह जिमीवाल रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिनेश कोहली ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विदाई के क्षण अत्यंत भावुक रहे। स्वयंसेवकों ने योग शिक्षिका उमा दिगारी एवं कार्यक्रम अधिकारी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।
*सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर ग्राम ओगला में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, साइबर जागरूकता एवं सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देने में सफल रहा। यह शिविर युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना के विकास का उत्कृष्ट उदाहरण सिद्ध हुआ।














Leave a comment