Home उत्तराखंड बड़ी खबर -रामनवमी के शुभ अवसर पर सीएम धामी ने दी पिथौरागढ़ को 42 सीटर विमान सेवा की सौगात
उत्तराखंडसमाज

बड़ी खबर -रामनवमी के शुभ अवसर पर सीएम धामी ने दी पिथौरागढ़ को 42 सीटर विमान सेवा की सौगात

72

*रामनवमी पर सीमांत को बड़ी सौगात — देहरादून-पिथौरागढ़ 42 सीटर विमान सेवा शुरू, एक घंटे में सफर

*धामी सरकार की बड़ी पहल — 42 सीटर विमान सेवा – पिथौरागढ़ से देहरादून अब 1 घंटे में

रामनवमी के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जॉलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून 42 सीटर विमान सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा के प्रारंभ होने से अब पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर लगभग एक घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जो सीमांत जनपद के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह विमान सेवा सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और सीमांत क्षेत्रों के विकास को नई गति देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय हवाई यात्रा केवल विशिष्ट वर्ग तक सीमित मानी जाती थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई यात्रा कर रहा है। वर्ष 2016 में प्रारंभ की गई उड़ान योजना (UDAN) के माध्यम से छोटे शहरों, दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ते हुए सस्ती हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को स्वीकृति दी गई है, जिसके अंतर्गत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डों तथा 200 नए हेलीपैड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना का उद्देश्य टियर-2 एवं टियर-3 शहरों तथा पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि जीवन रेखा हैं। दुर्गम क्षेत्रों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने में हवाई सेवाएं अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उड़ान योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन हो रहा है, जबकि वर्ष 2023 में प्रारंभ की गई उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना के तहत 6 मार्गों पर नियमित उड़ान संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा उत्तराखण्ड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू होने से जनपद की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़-मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी प्रारंभ की जा चुकी है। साथ ही पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास हेतु लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण एवं उत्तराखण्ड सरकार के मध्य नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण हेतु एमओयू भी हस्ताक्षरित किया गया है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि इस सेवा के प्रारंभ होने से पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच आवागमन अत्यंत सुगम होगा, जिससे जनपद के समग्र विकास के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद के लिए यह सेवा एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे स्थानीय लोगों को त्वरित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा तथा रोजगार और निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, महापौर कल्पना देवीलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, महामंत्री इंद्र लूंठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

स्थानीय जनता ने विमान सेवा के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सीमांत जनपद के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया और मुख्यमंत्री धामी जी का आभार व्यक्त किया।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

नाबालिग को बहला-फुसलाकर शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पिथौरागढ़ थाना मुनस्यारी में एक व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि उनकी...

पूर्व सैनिक संगठन द्वारा चलाया जा रहा धरना आज 61वें दिन भी जारी

उत्तराखंड – जनपद में पूर्व सैनिक संगठन द्वारा चलाया जा रहा धरना...

पिथौरागढ़ में अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण, नियमों के पालन के दिए निर्देश

पिथौरागढ़, 17 अप्रैल 2026 — मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एस एस नबियाल...