पिथौरागढ़ सोर घाटी पूर्व सैनिक कल्याण समिति द्वारा संचालित पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ की त्रैमासिक बैठक आज संगठन कार्यालय में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित की गई।
बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं संगठन से जुड़ी नारी शक्ति ने सहभागिता करते हुए संगठन की उपलब्धियों, भविष्य की कार्ययोजना तथा जनहित एवं पूर्व सैनिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
बैठक का शुभारंभ संगठन के धर्मगुरु श्री नवीन गुरुरानी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि विगत पाँच वर्षों में पूर्व सैनिक संगठन ने अनेक ऐतिहासिक एवं जनहितकारी कार्य किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप आज संगठन को पूरे जनपद में सम्मान एवं विश्वास की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने वर्तमान वर्ष को संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण बताते हुए कहा कि इस अवधि में संगठन ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
बैठक में विशेष रूप से पर्यावरण बटालियन को जनपद से विस्थापित होने से बचाने के लिए किए गए 68 दिवसीय ऐतिहासिक आंदोलन का उल्लेख किया गया। संगठन ने कहा कि इसी संघर्ष के कारण आज पर्यावरण बटालियन जनपद में यथावत कार्यरत है। इसके अतिरिक्त युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए अग्निवीर भर्ती परीक्षा में छठे विषय की अनिवार्यता समाप्त कराए जाने को भी संगठन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
संगठन ने पूर्व वर्षों की भाँति इस वर्ष भी जनपद में रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान संगठन के कोषाध्यक्ष नायब सूबेदार (क्लर्क) श्याम विश्वकर्मा (सेवानिवृत ) साहब ने वित्तीय वर्ष 2025–26 का आय-व्यय विवरण एवं लेखा-जोखा सभी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
संगठन ने आगामी 26 जून 2026 को आयोजित होने वाले पूर्व सैनिक संगठन के छठे स्थापना दिवस समारोह को ऐतिहासिक एवं भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया। समारोह के अंतर्गत *निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पुस्तक प्रदर्शनी, हथकरघा एवं स्थानीय उत्पाद प्रदर्शनी, विभिन्न बैंकों के जागरूकता स्टॉल तथा विभिन्न प्रतिष्ठित ऑटोमोबाइल ब्रांडों द्वारा वाहन प्रदर्शनी* आयोजित किए जाने की रूपरेखा तैयार की गई। संगठन ने जनपद के सभी पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया।
बैठक पर संगठन के संयोजक सूबेदार मेजर देव सिंह भाटिया (सेवानिवृत) साहब ने भारतीय थल सेना के नवनियुक्त थल सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ साहब से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें संगठन एवं समस्त जनपद की ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की तथा पिथौरागढ़ आगमन का सादर आमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की विशेष सराहना करते हुए अवसर मिलने पर जनपद का भ्रमण करने तथा संगठन के पदाधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों से भेंट करने की सहर्ष इच्छा व्यक्त की।बता दें कि सेना में सेवाकाल के दौरान सूबेदार मेजर देव सिंह भाटिया साहब, लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ साहब के QRT कमांडर रह चुके हैं। दूरभाष वार्ता के दौरान दोनों ने सेना के साथ बिताए गए पुराने अनुभवों एवं स्मृतियों को भी साझा किया।
बैठक के अंत में संगठन के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभिन्न सदस्यों एवं सहयोगियों को संगठन के स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक में नारी शक्ति की ओर से दीपा जोशी, प्रमिला बोहरा एवं दीपा चुफाल, सु मेजर गिरधर सिंह खनका, प्रहलाद बोहरा, देवाकर बोहरा, हेम बिष्ट, भूपाल सिंह, हयात सिंह, शंकर भट्ट,ललित रावत सेना मैडल, राजेंद्र कार्की रंजीत सिंह, देविंदर दीगारी, ललित जोशी, हरी नंदन जोशी,उमेश फुलेरा शहीत कैप्टेन कमान सिंह धामी सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संगठन उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर रमेश सिंह महर (सेवानिवृत) साहब द्वारा किया गया।














Leave a comment