पिथौरागढ़,
*ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर; पुलिस एवं परिवहन विभाग को सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश।*
त्योहारी सीजन के दृष्टिगत जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पुलिस एवं परिवहन विभाग के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने संबंधितों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाया जाए।
जिलाधिकारी ने ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग, नशे में वाहन चलाने तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के प्रति लापरवाही न बरती जाए और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने शहर एवं प्रमुख मार्गों पर लावारिस तथा लंबे समय से खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने, वाहनों में लगे प्रेशर हॉर्न हटवाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच करने तथा अनफिट वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।
शहर की यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए जिलाधिकारी ने सभी आवश्यक सीसीटीवी कैमरों को चालू अवस्था में रखने तथा उनके माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने और त्योहारी सीजन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।














Leave a comment