उत्तराखंड
रामनगर क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्रा को एक विशेष समुदाय के शादीशुदा व्यक्ति कथित तौर पर कार में जबरन बैठाकर जंगल की ओर ले जाने और उसके साथ गलत कार्य किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है,पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, रामनगर क्षेत्र की रहने वाली महिला की करीब 16 वर्षीय पुत्री रामनगर के एक कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है, आरोप है कि करीब एक माह पहले रामनगर क्षेत्र निवासी एक विशेष समुदाय का शादीशुदा व्यक्ति इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप के जरिए छात्रा से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था,छात्रा द्वारा शुरुआत में जवाब नहीं देने के बाद आरोपी कथित तौर पर उसका पीछा करने लगा और मैसेज के माध्यम से बातचीत करने लगा।
तहरीर के अनुसार 24 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे छात्रा कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए घर से निकली थी, इसके बाद वह अपनी सहेली के घर चली गई, करीब सात बजे सहेली उसे उसके घर के पास छोड़कर वापस लौट गई,आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में एक सफेद रंग की कार छात्रा के सामने आकर रुकी, जिसमें दो युवक सवार थे,कार में बैठे एक युवक ने अपना नाम बताते हुए छात्रा को कार में बैठने के लिए कहा,विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसका हाथ पकड़कर उसे जबरन कार में बैठा लिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कार को रामनगर के एक क्षेत्र में पे जाकर एक सुनसान स्थान पर रोका गया, जहां आरोपी ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ और जबरदस्ती की, मौका मिलने पर छात्रा कार से निकलकर जंगल की ओर भाग गई और स्थानीय लोगों की मदद से अपने घर पहुंची, जहां उसने परिजनों को पूरी घटना बताई।
मामले में कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि धारा 173 बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामले में भाजपा के नगर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह खाती ने मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नगर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह खाती के मुताबिक, हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ कार्यकर्ता कथित तौर पर बालिका को लेकर रामनगर कोतवाली पहुंची, उन्होंने बताया कि बालिका ने अपने साथ पिछले कुछ दिनों से गलत होने की बात कही है। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
भूपेंद्र सिंह खाती ने दावा किया कि पुलिस की ओर से उन्हें बताया गया है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।














Leave a comment